गरियाबंद (छत्तीसगढ़)। मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध क्लीनिक संचालन का पर्दाफाश हुआ है। बिना वैध डिग्री के मरीजों का इलाज किए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें मेडिकल स्टोर में एक मरीज को दवा दी गई। इसके बाद पीछे बने कमरे में लेजाकर इंजेक्शन लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य और ड्रग विभाग हरकत में आया है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध क्लीनिक संचालन का पर्दाफाश

वीडियो में ‘धनेश्वर मेडिकल’ नाम से संचालित एक दवा दुकान दिखाई दे रही है। एक व्यक्ति स्टोर से दवा निकालता नजर आता है। इसके बाद वह इंजेक्शन लेकर मेडिकल के पीछे क्लिनिकनुमा कमरे में जाता है। वहां मरीज को इंजेक्शन लगाता दिखाई देता है। यह वीडियो सरनाबहाल का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति धोबलेश्वर यादव बताया गया है। दावा किया गया है कि संबंधित व्यक्ति के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। स्टोर से दवा बिक्री के अलावा इलाज मामले में स्वास्थ्य विभाग पर भी सवाल उठ रहे हैं।

ड्रग इंस्पेक्टर धर्मवीर ध्रुबे ने कहा कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। संबंधित मेडिकल स्टोर पहुंचकर मामले की जांच की जाएगी। सीएमएचओ को अवगत कराकर संयुक्त जांच कमेटी बनाई जाएगी। जांच में मिले दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।