सीतामढ़ी (बिहार)। विदेशी पशु वैक्सीन की नेपाल सीमा पर जब्ती हुई है। इसे नेपाल से भारत लाया जा रहा था। विदेशी पशु टीकों की बड़ी खेप के साथ्स एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 1435 शीशियां बरामद की गई हैं। इनकी बाजार में कीमत 40 से 50 लाख रुपए बताई जा रही है।

यह है मामला

एसएसबी के मुताबिक सीमा पिलर नंबर 322(27) के करीब भारतीय इलाके में एक शख्स आता दिखाई दिया। शक होने पर नाका पार्टी ने उसे रोका। उसके सामान की तलाशी ली। जांच में अलग-अलग कंपनियों के पशु टीकों की 1435 शीशियां बरामद हुईं। पकड़ी गई खेप में नीदरलैंड में बनी नोबिलिस राइनो सीवी की 245 शीशियां शामिल हैं। हर शीशी में 1000 खुराक बताई गई है।

वहीं, अमेरिका में बनी फाउल लैरींगोट्रेकाइटिस वैक्सीन की 1190 शीशियां मिलीं। इसमें भी हर शीशी में 1000 खुराक बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू महतो (35) के तौर पर हुई है। वह सोनबरसा थाना क्षेत्र के इंदरवा वार्ड नंबर-13 का रहने वाला है।

उसने बताया कि वह नेपाल के सेकुववा गांव से किसी अनजान शख्स से टीके लेकर इंदरवा जा रहा था। टीकों को भारत लाने से जुड़े दस्तावेज मांगने पर वह कुछ भी नहीं दिखा सका। पकड़ी गई खेप की लागत करीब 10 लाख रुपए है। जबकि बाजार में इसकी कीमत 40-50 लाख रुपए है। टीकों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।