बुलंदशहर (यूपी)। नशीली दवा खरीद-बिक्री के बिल नहीं मिलने पर मेडिकल स्टोर सील किया गया है। यह कार्रवाई गुलावठी में ड्रग विभाग की टीम ने की। स्टोर पर नशे के इंजेक्शन और दवाएं बेचने की शिकायत मिली थी। छापेमारी से अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों में भी हड़कंप मच गया।

यह है मामला

ड्रग इंस्पेक्टर एके आनंद गुलावठी पुलिस के साथ सैदपुर रोड स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। उन्होंने नशे से संबंधित दवाओं की बिक्री की जांच शुरू की। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि मानस पोर्टल पर एक शिकायत मिली थी। बताया गया कि मेडिकल स्टोर पर नशे की दवाएं और इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं।

इस शिकायत के आधार पर टीम जांच के लिए गुलावठी पहुंची। स्टोर संचालक के पास नशे की दवाओं से संबंधित कोई बिल नहीं था। इसलिए स्टोर को नोटिस जारी कर सील कर दिया गया है। स्टोर संचालक को नोटिस का जवाब 5 दिन में देना होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ड्रग विभाग की इस छापेमारी के कारण कई दुकानदार अपने स्टोर के शटर गिराते दिखे।