इनरवा, बेतिया (बिहार)। सिरप और टेबलेट के साथ नेपाल सीमा पर तस्कर पकड़ में आया है। एक तस्कर को कफ सिरप और 2050 टेबलेट के साथ अरेस्ट किया गया है। इनरवा एसएसबी ने नेपाल सीमा पर एक झोपड़ीनुमा घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिन कफ सिरप और नशीली टेबलेट बरामद की गई। मौके से एक 65 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
कुल 100 एमएल की 305 बोतल कफ सिरप और 2050 निटजासेन टेबलेट जब्त की हैं। कार्रवाई के बाद गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद दवाएं इनरवा थाना पुलिस को सौंप दी हैं। यह जानकारी असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि इनरवा क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा है। एसएसबी की टीम ने नेपाल बॉर्डर के समीप घर में छापेमारी की। टीम ने घर की तलाशी ली। वहां नशीली दवाएं छिपाकर रखे जाने की बात सामने आई।
तलाशी के दौरान एसएसबी को 100 एमएल की 305 बोतल कोडिन कफ सिरप मिली। इसके अलावा 2050 निटजासेन टेबलेट भी बरामद की गयी। एसएसबी ने बरामद दवाओं को जब्त कर लिया। मौके से इनरवा निवासी 65 वर्षीय खोभारी महतो को गिरफ्तार किया है। उससे बरामद दवाओं के संबंध में पूछताछ की गयी। गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद नशीली दवाओं को इनरवा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।










