गुरुग्राम (हरियाणा)। नकली टेल्मा-एएम के निर्माण व बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। औषधि नियंत्रण विभाग ने इस मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित नकली दवा के निर्माण, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े हुए हैं। इससे पहले मामले में सुव्रत द्विवेदी और जुवैयर को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब जांच टीम नकली दवा की पूरी निर्माण और आपूर्ति शृंखला खंगाल रही है।
रात में की गिरफ्तारी
हरिद्वार जिले की रुडक़ी के मोहम्मदपुर जाट निवासी विपिन को 21 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। उस पर नकली टेल्मा-एएम गोलियों के निर्माण और आपूर्ति से जुड़े होने का आरोप है। इसके बाद ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर निवासी प्रदीप को रात में गिरफ्तार किया गया। उस पर नकली टेल्मा-एएम गोलियों के निर्माण और बिक्री में शामिल होने का आरोप है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। विभाग की ओर से पूरे तंत्र का पता लगाने के लिए हिरासत की मांग की गई।
न्यायालय ने विपिन कुमार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद उसे भोंडसी जेल भेज दिया गया। वहीं प्रदीप कुमार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस टीम उससे पूछताछ में जुटी है। औषधि विभाग का कहना है कि तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।










