मुंबई। दवा कंपनी कैडिला फार्मास्युटिकल्स के तीन गोदाम बंद किए हैं। दवाओं के मिलते-जुलते ब्रांड नाम और पैकेजिंग नियमों के उल्लंघन का आरोप है। महाराष्ट्र FDA ने कैडिला फार्मा के ठाणे, पुणे और नागपुर स्थित गोदामों को सस्पेंड कर दिया है। कंपनी Aciloc ब्रांड के तहत अलग-अलग एक्टिव इंग्रीडिएंट्स वाली दवाएं बेच रही थी। Aciloc और Aciloc+ के नाम में सिर्फ ‘+’ का अंतर होने से दवा को लेकर भ्रम की स्थिति बन सकती थी।
Aciloc और Aciloc+ में अलग-अलग दवाएं
Aciloc में रैनीटिडिन जबकि Aciloc+ में फैमोटिडिन होता है। दोनों दवाओं का इस्तेमाल सीने में जलन के लिए किया जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, इन दवाओं का इस्तेमाल अब कम होता है। आम तौर पर ये सुरक्षित मानी जाती हैं। फैमोटिडिन रैनीटिडिन की तुलना में 10 गुना तक ज्यादा असरदार है।
ऑर्डर कुछ किया, डिलीवरी कुछ और मिली
पुणे के कुछ होलसेलर्स ने Aciloc 150 और Aciloc 300 का ऑर्डर दिया था। उन्हें Aciloc 150+ और Aciloc 300+ की सप्लाई मिली। इन दवाओं में रैनीटिडिन की जगह फैमोटिडिन मौजूद था। इसी वजह से FDA ने कार्रवाई की। एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने लोगों से अपील की कि दवा लेबल पर लिखे जेनेरिक नाम और स्ट्रेंथ को जरूर देखें। केमिस्ट से डॉक्टर के पर्चे के अनुसार ही दवा देने को कहें।
पैकेजिंग नियमों का भी उल्लंघन
अधिकारियों ने दवाओं की पैकेजिंग में भी नियमों के उल्लंघन का जिक्र किया। फैमोटिडिन टैबलेट्स 14 के पैक में बेची जानी चाहिए। जांच में Aciloc 150+ के 30 टैबलेट वाले और Aciloc 300+ के 20 टैबलेट वाले पैक पाए गए।










