हैदराबाद (तेलंगाना)। ऑनलाइन बिक रही बिना मंजूरी वाली वजन घटाने की दवाओं और पेप्टाइड्स को लेकर तेलंगाना के ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (DCA) ने सख्त चेतावनी जारी की है। तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी फॉर फूड एंड एसेंशियल ड्रग्स (TG SAFE) के तहत काम करने वाले विभाग ने लोगों से कहा है कि वे ऐसे उत्पाद न खरीदें और न ही खुद इस्तेमाल करें।
विभाग के अनुसार कुछ डॉक्टर वजन घटाने के लिए रेटाट्रूटाइड और ऑर्फोग्लिप्रॉन जैसी बिना मंजूरी वाली दवाएं दे रहे हैं। वहीं आम लोग सोशल मीडिया और ऑनलाइन मार्केटप्लेस से रेटाट्रूटाइड, टेसामोरेलिन, BPC-157 और GHK-Cu जैसे पेप्टाइड मंगा रहे हैं।
जांच में सामने आया कि कई प्लेटफॉर्म इन्हें ‘रिसर्च केमिकल’ बताकर ‘मानव उपयोग के लिए नहीं’ लिखकर बेचते हैं, लेकिन साथ में खुद इंजेक्शन लगाने की गाइड भी भेज देते हैं। CDSCO और TG SAFE की जांच से बचकर बिकने वाले इन उत्पादों की सुरक्षा और शुद्धता की कोई गारंटी नहीं है। ऑनलाइन मिले इंजेक्शन में संक्रमण का गंभीर खतरा रहता है और टेलीग्राम जैसे ऐप पर नकली वायल मिलने की भी आशंका है।
विभाग ने डॉक्टरों को साफ कहा है कि ऐसी दवाएं खरीदना, लिखना या मरीजों को देना ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 का उल्लंघन है और इस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। मोटापे से परेशान लोगों को केवल पंजीकृत डॉक्टर की सलाह लेने और अधिकृत दुकानों से मंजूर दवाएं ही लेने की सलाह दी गई है।
