बरदह, आजमगढ़ (यूपी)। रजिस्ट्रेशन के बिना चल रहा अस्पताल सील करने का समाचार है। अन्य तीन अस्पतालों को नोटिस थमाए गए हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहनलाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने ये कार्रवाई की।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ठेकमा क्षेत्र में अस्पतालों की जांच की। बिना रजिस्ट्रेशन पंजीकरण चल रहे एक अस्पताल को सील कर दिया। मानक विपरीत चल रहे तीन आस्पतालों को नोटिस दिए हैं। डिप्टी सीएमओ ने ठेकमा क्षेत्र के चकमा में जनता हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चिकित्सालय का वैध पंजीकरण नहीं मिला। इसके अतिरिक्त आवश्यक मानकों की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस की उपस्थिति में अस्पताल को सील कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान चिकित्सालय की ओपीडी, आईपीडी, मुख्य प्रवेश द्वार को सील किया गया। साथ ही आकाश चाइल्ड केयर जीवली, आरएम हेल्थ केयर जीवली, रॉयल चिकित्सालय ठेकमा को नोटिस दिया है। आकाश चाइल्ड केयर एवं आरएम हेल्थ केयर अपंजीकृत मिले।
वहीं, रॉयल चिकित्सालय का पंजीकरण आयुष विधा में मिला। इसके बावजूद परिसर में एलोपैथिक दवाएं पाई गईं। एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति में आवश्यक पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला। डिप्टी सीएमओ ने तीन दिन में तीनों अस्पतालों से स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तीनों अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





