अमृतसर (पंजाब)। नशा मुक्ति केंद्रों में दवाओं का खेल सामने आया है। 4 रुपये की गोली 250 तक में बेचने की जानकारी मिली है। सूचना पर आयकर विभाग ने अमृतसर और तरनतारन में तीन जगह सर्वे किया। विभाग की टीम मजीठा रोड स्थित परिवर्तन नशा छुड़ाओ केंद पहुंची।
वहीं छेहरटा स्थित समर्पण मानसिक सेहत एवं नशा छुड़ाओ अस्पताल पर दबिश दी। तरनतारन के संकल्प नशा मुक्ति केंद्र का रिकॉर्ड भी खंगाला। इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल और ऑनलाइन डाटा की भी जांच की। यह कार्रवाई प्रिंसिपल डायरेक्टर इनकम टैक्स के नेतृत्व में की गई।
यह है मामला
पंजाब और चंडीगढ़ समेत 17 शहरों में 20 ठिकानों पर सर्वे किया गया था। इसमें आयकर विभाग के करीब 170 कर्मी शामिल रहे। अमृतसर और तरनतारन में के तीनों केंद सुमन इंफो हेल्थकेयर के तहत संचालित हैं।
आयकर विभाग की टीमों ने केंद्रों में दवाओं की खरीद-बिक्री संबंधित रिकॉर्ड जांचा। नशा छुड़ाओ केंद्रों में दी जाने वाली दवाओं का डाटा ड्रग विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करना होता है। ऐसे में वेबसाइट पर दर्ज दवाओं की संख्या और केंद्रों की बिक्री के आंकड़ों के बीच अंतर भी जांचा गया। सर्वे में दवाओं की बिक्री या वित्तीय रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।





