सिरसा (हरियाणा)। जिला नागरिक अस्पताल से 6800 नशीली टैबलेट चोरी का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर स्थित टीबी भवन में संचालित ओएसटी सेंटर में यह वारदात हुई। रात के समय अज्ञात व्यक्ति 6800 टैबलेट चोरी कर ले गया। ये गोलियां लोहे की अलमारी में रखी हुई थीं।
आरोपित ने पहले एल्यूमिनियम गेट का निचला हिस्सा खोलकर भवन में प्रवेश किया। फिर अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखी दवाएं चुरा ली। सुबह स्टाफ सेंटर पहुंचा तो घटना का पता चला। उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इंजेक्शन से नशा करने वालों को दी जाती है दवा
नागरिक अस्पताल के ओएसटी ओपियम सब्सटीट्यूट थैरेपी सेंटर में यह दवा दी जाती है। इंजेक्शन से नशा करने वाले लोगों को बुप्रेनोर्फिन टैबलेट दी जाती हैं। इन गोलियों को मुंह में रखकर लिया जाता है। सेंटर में करीब 850 मरीज पंजीकृत हैं। टीबी भवन में अलग से बनाए गए इस सेंटर में सुबह मरीजों को दवा दी जाती है।
यह है मामला
सोमवार को स्टाफ सेंटर बंद करके चला गया था। भवन में ओपीडी संचालित नहीं होने से रात के समय वहां कोई कर्मचारी नहीं रहता।
इसी का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने सेंटर में प्रवेश किया। उसने अलमारी में रखी दवाएं चोरी कर लीं। अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपित का पता लगाने का प्रयास किया। हालांकि कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सुरक्षा के लिए बदला दवाओं का स्थान
उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल के अनुसार घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जिला नागरिक अस्पताल में सुरक्षा की दृष्टि से दवाओं का स्थान बदल दिया गया है। इससे भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो सकेगी। गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी ओएसटी सेंटर से दवाएं चोरी हुई थी। इसके बावजूद दोबारा चोरी होने से सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।





