कैमूर (यूपी)। दिव्यांश फार्मा पर बिना बिल की दवाएं जब्त की गई हैं। मोहनिया में औषधि विभाग की टीम ने दिव्यांश फार्मा पर छापा मारा। मौके से बिना बिल की दवाएं जब्त कीं। यह कार्रवाई यूपी में चल रही नकली दवाओं की जांच के तहत की गई। सप्लायर मौके से फरार हो गया। वाराणसी और चंदौली से अभिषेक सिंह संदिग्ध नकली दवाओं की खेप लेकर भभुआ आया था। अभिषेक तीन साल पहले भी नकली दवाओं के मामले में पकड़ा गया था।
संचालक ने पुलिस को देखकर अभिषेक को भगाया
पुलिस उसका पीछा करते हुए दिव्यांश फार्मा पहुंची। वह इसी दुकान से पूरे जिले में दवाएं सप्लाई करता था। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि पुलिस की गाड़ी देख दुकान संचालक ने अभिषेक को भगा दिया। मौके से ‘सेफू 500’ दवा मिली। इसे कथित तौर पर उसी हॉकर से बिना वैध बिल के खरीदा गया था। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि दुकान में मिली सात से आठ अन्य दवाओं के बिल भी जांचे जा रहे हैं।

जिन दवाओं के पक्के बिल नहीं हैं। उनके सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। फार्मा संचालक को सप्लायर से जुड़े वैध दस्तावेज देने के लिए तीन दिन का समय दिया है। तय समय में कागजात नहीं देने पर दुकान का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। पुलिस फरार सप्लायर की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।





