जबलपुर (मध्यप्रदेश)। अवैध क्लीनिक में सरकारी दवाओं के साथ एबॉर्शन किट पाई गई है। घर को ही क्लीनिक में तब्दील कर मरीजों का इलाज किया जा रहा था। जांच के दौरान यहां छह बेड के साथ ऑक्सीजन सिलिंडर, बेबी वार्मर, और बड़ी मात्रा में दवाएं मिलीं।

जांच में मिलीं दवाओं में कुछ सरकारी दवाएं भी शामिल हैं। टीम को एबॉर्शन किट भी मिली है। पूर्व में भी एक बार यह क्लीनिक गड़बड़ी के चलते सील हो चुका है। बाद में कार्यप्रणाली में सुधार के बाद प्रशासन ने उसे हरी झंडी दे दी थी।

क्लीनिक संचालक पर एफआईआर दर्ज

सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि गड़बड़ी मिलने के बाद इसे दोबारा से सील कर दिया है। जानकारी से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को अवगत करा दिया गया है। उनके निर्देश पर क्लीनिक संचालक पर एफआईआर दर्ज की गई है। क्लीनिक बिना नाम व बोर्ड के मकान में किराए से संचालित थी। टीम ने सूचना के आधार पर क्लीनिक की जांच की। प्रीति केवट क्लीनिक संचालित करती मिलीं। कार्रवाई के दौरान कुछ मरीज भी मौजूद थे। इनसे पूछताछ के बाद उन्हें बाहर कर दिया गया। जांच में क्लीनिक का कोई पंजीयन नहीं मिला। टीम ने मौके से मिली सामग्री जब्त की और क्लीनिक को सील कर दिया।