पटना ( बिहार)। मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। औषधि नियंत्रण विभाग ने जीएम रोड स्थित एक दवा दुकान पर दिबश दी। मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित श्रेणी की दवाएं बरामद की हैं। उड़नदस्ता टीम ने जीएम रोड के केसरी पैलेस स्थित श्रीसाईं इंटरप्राइजेज में छापामारी की। एक लाख से अधिक कीमत की नारकोटिक्स और साइकोट्रॉपिक टैबलेट जब्त कीं। बरामद दवाओं में अल्पाजोलम, लिब्रियम-10 तथा एंबुलेक्स जैसी दवाएं शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार श्रीसाईं इंटरप्राइजेज लाइसेंस प्राप्त दवा दुकान है। छापामारी के दौरान इन दवाओं के संबंध में संचालक कोई खरीद बिल नहीं दिखा सका। विभाग ने दुकान संचालक को एक सप्ताह के भीतर दवाओं की खरीद से संबंधित बिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। राज्य औषधि नियंत्रक नित्यानंद किसलय को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जीएम रोड इलाके में कुछ दवा दुकानों के माध्यम से नशीली और मन:प्रभावी दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा है। उप औषधि नियंत्रक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया। टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। श्रीसाईं इंटरप्राइजेज में बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाएं मिलीं।

मेडिसिन कार्नर में भी मिली अनियमितता

टीम ने आसपास की अन्य दवा दुकानों की भी जांच की। मेडिसिन कार्नर नामक प्रतिष्ठान में भी कई अवैध दवाएं मिलीं। वहां के संचालक को भी एक सप्ताह में सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने काे कहा है। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।