शाहजहांपुर (उप्र)। चीफ फार्मासिस्ट को दवाओं के गबन में फरार है। आरोपी जेडी बंसल 11 दिनों से ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। भावलखेड़ा सीएचसी में तैनात बंसल का मोबाइल भी बंद आ रहा है। सीएमओ ने उन्हें ड्यूटी पर लौटने का अल्टीमेटम दिया है।

यह है मामला

पुलिस के अनुसार जेडी बंसल 28 फरवरी से फरार हैं। उनके सह-आरोपी फार्मासिस्ट जुबैर अली को निगोही से गिरफ्तार किया गया। बंसल की अनुपस्थिति के बाद से स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। मुकदमे के 20 महीने बाद पहली गिरफ्तारी हुई थी। यह मामला दो साल पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज में दवाओं के गबन से जुड़ा है। उस समय एक गार्ड ने परिसर में दवाओं से भरी एक पिकअप गाड़ी पकड़ी थी। स्टोर में स्टॉक की जांच करने पर दवाओं की कमी पाई गई थी। तत्कालीन सीएमएस डॉ. नैपाल सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई थी।

शुरुआत में आरोपी जेडी बंसल और फार्मासिस्ट जुबैर अली को स्थानांतरित कर दिया था। इसके बाद लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रभारी नरेंद्र कश्यप के सामने इस प्रकरण पर सवाल उठाने के बाद पुलिस हरकत में आई। 28 फरवरी को पुलिस ने निगोही सीएचसी से जुबैर अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 11 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी जेडी बंसल को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वह 28 फरवरी से लगातार गैर हाजिर चल रहे हैं। उन्होंने छुट्टी की कोई सूचना अपनी सीएचसी या विभाग को भी नही दी। उनका मोबाइल नंबर भी बंद है। फार्मासिस्ट को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। उसके बाद भी अगर वह ड्यूटी पर नहीं आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।