मुंबई। ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की इस परीक्षा के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में पहली चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर विश्वेश्वर नकाटे को पेपर लीक का मास्टरमाइंड बताया है। नवी मुंबई स्थित एमपीएससी कार्यालय में प्रश्न बैंक के मेटा सेट की सुरक्षा की जिम्मेदारी विश्वेश्वर नकाटे के पास थी। आरोप है कि उन्होंने इसी पद का गलत फायदा उठाया। उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा से जुड़े सवालों तक पहुंच बनाई। उन्होंने पेपर लीक की साजिश को अंजाम दिया।
आरोप है कि नकाटे ने अपने लैपटॉप पर करीब 300 सवाल तैयार किए। उनका प्रिंट निकालकर कार्यालय के पार्किंग परिसर में संबंधित लोगों तक पहुंचाया। मामला सामने आने पर नकाटे ने अंडर सेक्रेटरी अभिजीत लेंडवे को भी इस मामले में फंसाने की कोशिश की। चार्जशीट में 13 गिरफ्तार आरोपियों के अलावा दो फरार आरोपियों की भूमिका का भी जिक्र किया है।
जांच एजेंसी ने फिलहाल छह आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत जुटाकर अदालत में पेश किए हैं। वहीं पहले गिरफ्तार किए तीन अधिकारियों की भूमिका की जांच जारी है। बाकी आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में पूरक चार्जशीट दाखिल की जा सकती है। जांच में परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली आरोपी रुतुजा पाटिल और मामले का खुलासा करने वाले लोकेश उर्फ गौरव पाटिल के रिश्ते की कहानी भी सामने आई है।
प्रेम कहानी में विवाद से खुला रहस्य
परीक्षा से पहले रुतुजा को प्रश्न उपलब्ध कराए गए थे। वह गौरव से शादी करना चाहती थीं। परीक्षा के बाद परिवार के विरोध और माता-पिता की आत्महत्या की धमकी के चलते रुतुजा ने गौरव से दूरी बना ली। दोनों के बीच विवाद बढऩे के बाद गौरव ने परीक्षा में पेपर लीक होने की जानकारी सामने रखी। चार्जशीट में रुतुजा के पिता अमृत पाटिल, बिचौलिये प्रवीण पाटिल समेत कई नाम शामिल हैं। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। मामले की जांच की जा रही है।





