एटा (उत्तर प्रदेश)। गोदाम पर रेड कर 50 लाख का कोडिनयुक्त कफ सीरप जब्त किया है। अलीगंज क्षेत्र में पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने यह कार्रवाई की। यह खेप गांव नगला बनी में एक तंबाकू के गोदाम में रखी गई थी। कार्रवाई में 47 पेटियां कफ सीरप बरामद हुई हैं। चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के तार ड्रग सरगना शुभम जायसवाल से जुड़े बताए जा रहे हैं।
यह है मामला
गुप्त सूचना पर आगरा की नारकोटिक्स टीम अलीगंज थाने पहुंची। फोर्स ने गांव को घेराबंदी कर ली। पुलिस ने तंबाकू के गोदाम में छापा मारा। मौके पर कफ सीरप की भारी खेप रखी मिली। छापेमारी के दौरान गोदाम में कुछ लोग काम कर रहे थे।
पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। टीम ने मौके से प्रमोद शाक्य, जितेंद्र यादव, जितेंद्र शाक्य और पंजाब सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने बताया कि वे लंबे समय से कफ सीरप की तस्करी कर रहे थे। आसपास के जिलों में दवा कारोबारियों तक इसकी आपूर्ति करते थे।
गिरफ्तार आरोपितों में एक रिटायर्ड फौजी भी शामिल है। बरामद कफ सीरप के रैपर पर ‘विंग’ कंपनी का नाम अंकित है। हालांकि बैच नंबर खरोंचे हुए पाए गए हैं। आशंका है कि यह सिरप नशे के अवैध कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा था। पकड़ी गई खेप की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई है। चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। कफ सीरप की अवैध सप्लाई करने वाले सरगना शुभम के खिलाफ जांच जारी है। पुलिस को विभिन्न जिलों में माल की सप्लाई से जुड़े इनपुट मिले थे। इसी छानबीन में एटा का लिंक सामने आया। इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।










