चंडीगढ़। नशीली दवा की कुरियर पार्सल के जरिए सप्लाई पकड़ी गई है। शैंपू की बोतलों और दवा की स्ट्रिप्स में नशे की खेप छिपाई गई थी। इसे कुरिअर पार्सल के जरिये कनाडा भेजा जा रहा था। डीटीडीसी कंपनी के स्टाफ को शक हुआ तो पार्सल चेक किए। उनमें अफीम जैसा नशीला पदार्थ मिला।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। सेक्टर-56 निवासी 46 वर्षीय राजीव कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। बताया कि वह डीटीडीसी कंपनी में मैनेजर हैं। वह अपनी टीम के साथ स्टोर में पार्सलों को आगे भेजने की प्रक्रिया में लगे हुए थे।
उन्हें दो पार्सल एक जैसे आकार के दिखाई दिए। दोनों पार्सलों पर भेजने वाले का नाम और पता अलग-अलग था। मोबाइल नंबर और इमेल आईडी एक ही थी। दोनों पार्सलों के रिसीवर भी अलग-अलग थे। उन्हें कनाडा के दो अलग-अलग पते पर भेजा जाना था। दोनों पार्सल संगरूर स्थित गुरु नानक कुरियर से उनके पास पहुंचे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता से दोनों पार्सल अपने कब्जे में लिए। पहले पार्सल को खोलने पर उसके अंदर दो प्लास्टिक की शैंपू बोतलें और पांच दवा की स्ट्रिप्स मिलीं। दूसरी बोतल को खोला तो उसमें अफीम जैसा नशीला पदार्थ मिला। पुलिस ने दोनों पार्सलों को जब्त कर लिया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।










