हनुमानगढ़ (राजस्थान)। प्रेगाबालिन कैप्सूल समेत लाखों की नशीली दवाएं जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई ड्रग कंट्रोल विभाग और हनुमानगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान में की गई। दो युवक इन नशीले पदार्थों को अवैध रूप से बेच रहे थे। टीम ने प्रेगाबालिन युक्त 13,400 कैप्सूल जब्त किए हैं। वहीं दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि दो युवकों को नशीले पदार्थं अवैध रूप से बेचते हुए पकड़ा है। इनके पास से जब्त किए नशीले पदार्थों का मूल्य 23 लाख रुपये है। जब्त प्रेगाबालिन का उपयोग आमतौर पर तंत्रिका संबंधी दर्द, मिर्गी और चिंता विकार के इलाज में किया जाता है। इसके कई दुष्प्रभाव होते हैं। इनमें अवसाद, थकान, वजन बढऩा, मांसपेशियों में दर्द और हृदय रोग शामिल हैं।
राज्य के ड्रग कंट्रोलर अजय फाटक ने बताया कि यह ज़ब्ती राज्यभर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सभी ड्रग कंट्रोल अधिकारियों को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।










