सूरत (गुरजरात)। नकली ब्यूटी प्रोडक्ट की ऑनलाइन बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मोटा वराछा स्थित एक व्यावसायिक परिसर में कई लोकप्रिय ब्रांडों के नकली सौंदर्य प्रसाधनों से भरे गोदाम पर रेड की। छापेमारी में 26.50 लाख से अधिक मूल्य के नकली सामान जब्त किए और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर इन उत्पादों को ऑनलाइन बेच रहा था।

यह है मामला

पारेख इंटीग्रेटेड सर्विसेज के सहायक प्रबंधक नीलेश वाघेला को गुप्त सूचना मिली थी। उन्हें मोटा वराछा के सुमेरु सिटी मॉल स्थित दुकान से नकली सेटाफिल उत्पाद बेचे जाने का पता चला। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने छापे के दौरान4.13 लाख मूल्य के सेटाफिल ऑइली स्किन क्लींजर की 509 बोतलें और 3.80 लाख मूल्य के 476 स्टिकर-रहित बोतलें बरामद कीं।

कुल 7.93 लाख मूल्य की 993 नकली सेटाफिल बोतलें मिली। टीम ने नकली ब्यूटी ऑफ जोसोन रिलीफ सन राइज उत्पादों की 2,328 बोतलें जब्त कीं। इनकी कीमत 18.62 लाख थी। पुलिस ने नकली सामान पर लगाने होने ब्रांड स्टिकर, कार्टन और अन्य पैकेजिंग सामग्री भी ज़ब्त की है। ज़ब्त की गई वस्तुओं की कुल कीमत 26.50 लाख बताई गई है। नाना वराछा निवासी आरोपी दर्शन हिम्मत पंचानी (28) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दर्शन पिछले तीन महीनों से यह अवैध धंधा चला रहा था। वह कामरेज के मनकना गाँव से कच्चा माल खरीदता था। खुद नकली उत्पाद बनाता और पैक करता था। सूरत में स्थानीय स्तर पर नकली ब्रांड स्टिकर छपवाता था। फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री करता था।