झांसी (उत्तर प्रदेश)। अस्पताल में आग लगने से 10 नवजातों की मौत होने की खर है। यहां महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में बीती शाम आग लग गई। इस आगजनी में 10 शिशुओं की मौत हो गई जबकि करीब 47 नवजातों को बचा लिया गया है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

यह है मामला

इस दर्दनाक हादसे के बारे में झांसी सीएमएस सचिन मेहर ने बताया कि महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू वॉर्ड में 54 बच्चे भर्ती थे। एनआईसीयू वॉर्ड में अचानक आग लग गई, जिसे बुझाने की कोशिश की गई। ज्यादातर बच्चे ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे और आग तेजी से फैल गई। हादसे में 10 बच्चों की मौत हुई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने झांसी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि घटना के दोषी लोगों पर कार्रवाई होगी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। झांसी मंडल के कमिश्नर बिमल कुमार दुबे ने बताया कि घटना के समय वार्ड में 54-55 बच्चे भर्ती थे। घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है।

उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की जानकारी मिलते ही दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एनआईसीयू में घटित दुर्घटना में हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक है। जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को संचालित कराने के निर्देश दिए हैं।