बदायूं (यूपी)। अवैध मेडिकल स्टोर पर रेड कर दवाएं सील की गई हैं। औषधि विभाग ने अवैध एलोपैथिक दवा बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की । टीम ने जौरी नगला गांव में एक अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। यहां से लगभग 50 हजार रुपये की संदिग्ध दवाएं सील की गईं। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद ने पुलिस बल के साथ जौरी नगला गांव में स्टोर पर रेड की।
यह अवैध प्रतिष्ठान धीरेन्द्र पुत्र देव दत्त सिंह द्वारा संचालित किया जा रहा था। मौके से दो संदिग्ध एलोपैथिक औषधियों के सैंपल लिए गए हैं। इन नमूनों को राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रतिष्ठान में मौजूद शेष एलोपैथिक दवाओं को मौके पर ही सील कर दिया गया। सील की गई इन दवाओं की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार बताई गई है। दोनों नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










