हैदराबाद। बॉडी बिल्डिंग इंजेक्शन की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। मेफेनटरमाइन सल्फेट इंजेक्शन की अवैध खरीद, आपूर्ति, बिक्री और सेवन के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टास्क फोर्स और गोशामहल पुलिस ने मिलकर की।

गिरफ्तार लोगों में गौतम सिंह, आर अभिलाष, सिद्धेश औंडेकर और दक्ष उपाध्याय शामिल हैं। गौतम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित एक आपूर्तिकर्ता से 160 रुपये प्रति शीशी के हिसाब से इंजेक्शन खरीदे। अभिलाष की मदद से उन्हें 900 रुपये प्रति शीशी के हिसाब से बेचा।

चारों को बेगम बाजार में ग्राहकों को इंजेक्शन बेचने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। पुलिस ने 50 शीशियां, इंसुलिन इंजेक्शन, खाली शीशियां और मोबाइल फोन जब्त किए। इनकी कुल कीमत 1.85 लाख रुपये है। गोशामहल पुलिस मामले की जांच कर रही है।