मोतिहारी (बिहार)। अवैध मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। मौके से भारी मात्रा में दवाएं जब्त की गई हैं। पूर्वी चंपारण जिले के जयसिंहपुर आश्रम चौक पर दवा दुकानों पर रेड की गई। जांच में इनको बिना लाइसेंस संचालित पाया गया। औषधि विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से तीन दवा दुकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई से अवैध दवा दुकानदारों में हडक़ंप मच गया।

जांच में खुलासा हुआ कि तीनों दवा दुकानें बिना किसी वैध लाइसेंस के चल रही थीं। इनमें से दो दुकानें बेनामी पाई गईं। इनका कोई नामकरण नहीं था। वहीं, तीसरी दुकान कोमल मेडिकल के नाम से चल रही थी। इन दुकानों के संचालकों के रूप में मुक्ति नाथ पंडित, मनीष कुमार और अभय कुमार की पहचान हुई है।

औषधि निरीक्षक दयानंद प्रसाद ने बताया कि दुकानों में मौजूद एलोपैथिक दवाओं को जब्त कर लिया है। प्रत्येक दुकान से एक-एक दवा का सैंपल गुणवत्ता जांच के लिए लिया है। इसे सरकारी प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस दवा दुकान चलाना कानूनन गंभीर अपराध है। इन तीनों संचालकों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।