बीकानेर (राजस्थान)। प्रतिबंधित नशीली टैबलेट का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। जिले के खाजूवाला क्षेत्र में नशीली दवाओं के खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गई है। टीम ने खाजूवाला के वार्ड नंबर 5 स्थित तावणियां कॉलोनी में एक घर पर दबिश दी। इस दौरान 13,300 नशीली टैबलेट बरामद की गई। साथ ही एक महिला को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
यह है मामला
ड्रग्स कंट्रोल विभाग को इलाके में अवैध नशीली दवाओं के भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर पवार्ड नंबर 5 तावणियां कॉलोनी में छापेमारी की। एक घर से तीन अलग-अलग ब्रांड की प्रतिबंधित नशीली टैबलेट का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। अधिकारियों ने मौके से कुल 13,300 टैबलेट जब्त कर अपने कब्जे में ले ली। कार्रवाई के दौरान अंजू देवी नामक महिला को डिटेन किया है। फिलहाल बरामद नशीली टैबलेट को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है।










