हैदराबाद (तेलंगाना)। लाइसेंस बगैर चल रहे मेडिकल स्टोर से लाखों की दवाएं जब्त की हैं। अवैध रूप से दवाओं की बिक्री के खिलाफ डीसीए ने कार्रवाई की। टीम ने करीमनगर जिले के चोप्पाडांडी गांव में बिना लाइसेंस संचालित दुकान पर छापा मारा। मौके से 5.51 लाख रुपए मूल्य की दवाएं जब्त की।

यह है मामला

डीसीए अधिकारियों को गांव में अवैध रूप से दवाओं की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके आधार पर चोप्पाडांडी मंडल के चोप्पाडांडी गांव में स्थित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। जांच में पता चला कि मल्लारापु अखिल नामक व्यक्ति बिना किसी वैध ड्रग लाइसेंस के मेडिकल दुकान चला रहा था। दुकान में बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाएं बिक्री के लिए रखी गई थीं।

डीसीए अधिकारियों ने कुल 28 प्रकार की दवाएं जब्त कीं। इनमें इन-विट्रो डायग्नोस्टिक टेस्ट किट, एंटीबायोटिक्स, आईवी फ्लूइड्स, दर्द निवारक दवाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने दवाओं के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए हैं। विभाग ने बताया कि मामले की आगे विस्तृत जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।