अहमदाबाद (गुजरात)। ब्लड प्रेशर की नकली दवा बनाने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। यह सफलता पुलिस और खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन की टीम को मिली। टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दशिल सांघवी, देवेंद्र यादव और उमंग रस्तोगी के रूप में हुई है।

यह है मामला

अंकलेश्वर की एक दवा कंपनी ने बाजार में नकली गोलियां बेचने की एफडीसीए को शिकायत की थी। इसके बाद जांच के लिए टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने तीन लोगों को नकली दवा खरीदने और आपूर्ति करने पर गिरफ्तार किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने नकली दवा की आपूर्ति का पता लगाया। वह अहमदाबाद और गुजरात के अन्य हिस्सों में कई दुकानों तक पहुंचे।

नकली दवा की आपूर्ति पालडी स्थित पाश्र्व मेडिकल एजेंसी के जरिए की गई थी। एजेंसी ने यह दवा लखनऊ स्थित सेना मेडिकल से प्राप्त की थी। राजस्थान के जयपुर से भी गिरोह के तार जुड़े हंै। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इसमें कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होने का अनुमान है।