नई दिल्ली। सर्दी-जुकाम की कुछ दवाएं बच्चों को देने पर रोक लगाई गई है। केंद्र ने चार साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की दवा को लेकर आदेश जारी किया है। इसमें क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड के कॉम्बिनेशन से बनने वाली सभी दवाएं देने से रोका है।
सरकार ने दवा कंपनियों को इन दवाओं के पैकेट पर साफ चेतावनी लिखने का आदेश दिया है। इससे छोटे बच्चों को इनके इस्तेमाल से होने वाले संभावित खतरे से बचाया जा सकेगा। दवा के पैकेट पर साफ लिखा हो कि 4 साल से कम उम्र के बच्चों में इसका इस्तेमाल नहीं किया जाए। सरकार ने एक्सपर्ट कमेटी और ड्रग्स टेक्नीकल एडवाइजरी बोर्ड की सिफारिश के बाद यह फैसला लिया है। इस दवा कॉम्बिनेशन से छोटे बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं। इस उम्र के लिए सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं।
अधिसूचना में कुछ फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाओं पर यह चेतावनी लगाई गई थी। अब इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। इन दोनों दवाओं को मिलाकर बनी दवाएं बच्चों को नहीं दी जा सकेंगी।










