नई दिल्ली। फर्जी दवा कारोबार का भंडाफोड़ करने में सफलता मिली है। मौके से भारी मात्रा में अवैध व एक्सपायर्ड दवाएं जब्त की गई हैं। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके में अवैध दवाओं की बिक्री के रैकेट का खुलासा हुआ है। ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त की हैं।
यह है मामला
औषधि अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर राशिद मार्केट, खुरेजी गांव में कार्रवाई की। वहां से 104 प्रकार की दवाएं बरामद हुईं। ये दवाएं बिना वैध लाइसेंस के बिक्री और वितरण के लिए रखी गई थीं। साथ ही 23 एक्सपायर्ड दवाएं भी मौके से मिलीं।
जांच के दौरान आरोपी कोई वैध ड्रग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों ने कुछ दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए भेजे हैं। डिकॉय ऑपरेशन के तहत एक फर्जी ग्राहक ने बिना प्रिस्क्रिप्शन और बिल के दवाएं खरीदकर अवैध बिक्री की पुष्टि की। ऑपरेशन में इस्तेमाल की गई चिन्हित नकदी भी बरामद की गई। इस परिसर का ड्रग लाइसेंस सितंबर 2024 में रद्द किया जा चुका था। इसके बावजूद यहां दवाओं का अवैध कारोबार जारी था। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जब्त दवाओं के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।










