नई दिल्ली। प्रेग्नेंट महिलाओं को टायलेनॉल दवा से ऑटिज्म का खतरा हो सकता है। यह दावा ट्रंप प्रशासन ने किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार इस बारे में जल्द ही बड़ी चेतावनी जारी कर सकती है। टायलेनॉल (एसिटामिनोफेन) दवा गर्भावस्था में लेने से बच्चों में ऑटिज्म का खतरा बढ़ सकता है।
यह है मामला
टायलेनॉल दुनिया में दर्द और बुखार के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली दवा है। यह चेतावनी गर्भवती महिलाओं को सलाह देगी कि बिना बुखार के टायलेनॉल न लें। चार अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह घोषणा जल्द हो सकती है।
वैज्ञानिक समुदाय में इस दवा को लेकर बहस है। कुछ अध्ययन कहते हैं कि गर्भावस्था में टायलेनॉल का ज्यादा उपयोग बच्चों में दिमागी समस्याएं पैदा कर सकता है। अमेरिकी दवा नियामक (एफडीए) ने अभी तक कोई चेतावनी नहीं दी है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मामले में सबूत पूरी तरह पक्के नहीं हैं लेकिन सावधानी जरूरी है। ट्रंप समर्थक पहले भी दवाओं और वैक्सीन पर सवाल उठाते रहे हैं। लोग इसे राजनीतिक कदम भी मान रहे हैं। ट्रंप सरकार ऑटिज्म के इलाज के लिए ल्यूकोवोरिन दवा को बढ़ावा देगी।