यमुनानगर (हरियाणा)। प्रतिबंधित नशीली दवा सप्लाई का मामला पकड़ा गया है। पुलिस ने नशे के दो सौदागरों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल और क्राइम ब्रांच की टीमों ने यह कार्रवई की। दो अलग-अलग स्थानों से कुल 2,328 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल व गोलियां बरामद की हैं।
यह है मामला
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। पता चला कि रवि कुमार प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बेचने का अवैध धंधा करता है। पुलिस टीम ने गांव जागधौली क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 528 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी की पहचान रवि कुमार निवासी गांव कलावड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अपराध शाखा-1 के हत्थे चढ़ा सप्लायर
दूसरे मामले में टीम ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के सप्लायर को दबोचा। टीम ने आरोपी के कब्जे से 1,800 प्रतिबंधित नशीली गोलियां/कैप्सूल बरामद किए। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजमल निवासी जठलाना के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी अजमल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।










