कोरिया (छत्तीसगढ़)। पंजीयन बगैर चल रहे दो क्लिनिक सील करने का मामाल सामने आया है। इनके संचालकों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कोरिया जिले में नर्सिंग होम एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। निरीक्षण दल ने बैकुंठपुर स्थित शोभा डेंटल क्लिनिक और नागमाता क्लिनिक पर रेड की। यहां दोनों संस्थान बिना वैध पंजीयन के संचालित पाए गए।

नियमों के उल्लंघन पर दोनों क्लिनिकों का संचालन बंद करा दिया है। संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह ने कहा कि जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोडऩे वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल स्टोरों पर मिलीं संदिग्ध दवाएं

आगरा में औषधि विभाग की टीम ने दो मेडिकल स्टोरों की जांच की है। यहां दवाओं के रिकॉर्ड खंगाले। इनकी खरीद-बिक्री के बिलों में गड़बड़ी मिली है। दोनों स्टोरों पर संदिग्ध दवाएं भी मिली हैं। जांच के लिए 25 दवाओं के सैंपल लिए हैं। संचालकों को नोटिस देकर दवाओं की खरीद-बिक्री के बिल तलब किए हैं। अभी कुछ और मेडिकल स्टोरों की जांच होना बाकी है। बिल न देने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया जाएगा। जांच में नमूने फेल होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।