बारामुला (जम्मू और कश्मीर)। ऑनलाइन मंगाईं नशीली दवाइयां रिसीव करते हुए युवक को गिरफ्तार किया है। एक युवक ने नशे की दवाएं ऑनलाइन ऑर्डर कीं। कूरियर आया तो उसे लेने कंपनी के कार्यालय पहुंचा। तभी पुलिस ने पार्सल रिसीव करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पार्सल में प्रतिबंधित और नशीली दवाएं निकली। आरोपी ताहिर तारिक शेख निवासी सीलू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह है मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कूरियर से अवैध ड्रग्स वाला पार्सल लेने वाला है। पुलिस थाना सोपोर में मौके पर पहुंची। यहां पुलिस ने आरोपी ताहिर तारिक शेख को पार्सल लेते समय हिरासत में ले लिया। पार्सल को मौके पर कार्यकारी मजिस्ट्रेट, ड्रग इंस्पेक्टर और एफएसएल टीम की उपस्थिति में खोला गया। इसमें प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि यह कन्साइनमेंट चंडीगढ़ से ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। पुलिस ने इस मामले में नेटवर्क की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।










