नई दिल्ली। पुलिस ने कुतुब विहार स्थित एक मकान पर छापा मारकर ड्रग्स तस्करी में शामिल दस लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नौ नाइजीरिया के रहने वाले शामिल हैं। ये सभी वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद लंबे समय से अवैध तरीके से दिल्ली में रह रहे थे। ड्रग्स तस्कर यू. जॉन के पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। जिस मकान में ये विदेशी किराए पर रह रहे थे, उसके मालिक ने किराएदारों की पुलिस जांच नहीं करवाई थी। दिल्ली पुलिस के एडिशनल कमिश्नर डॉ. अजीत कुमार सिंघला ने बताया कि पंजाब पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स के एडिशनल आइजी हरप्रीत सिंह ने पुलिस को नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर के दिल्ली में रहने की सूचना दी थी। मिली सूचना के बाद डीसीपी भीष्म सिंह की टीम ने गोयला डेयरी के कुतुब विहार स्थित एक बिल्डिंग में छापा मारा।
यहां से तस्कर यू. जॉन, आइ. बाकायोको, ए. चिबुको, इवेरिस्टस, एंथोनी, एनायो, इम्मानुअल और महिला जोय व मिमी को गिरफ्तार किया था। ये सभी नाइजीरिया के रहने वाले हैं। यह सभी वीजा समाप्ति के बाद भी अवैध तरीके से भारत में रह रहे थे। पुलिस तफ्तीश में पता चला कि ड्रग्स तस्कर यू. जॉन वर्ष 2012 में छह महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आया था। यहां आकर उसने गारमेंट एक्सपोर्ट का व्यापार किया, लेकिन कारोबार में घाटा होने के बाद वह मादक पदार्थ की तस्करी करने लगा। तस्कर विदेश से ड्रग्स मंगाकर उसकी आपूर्ति पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित आसपास के राज्यों में करता था। गोवा पुलिस भी फर्जी वीजा के मामले में इस तस्कर को 2016 में गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।