नालागढ़। बीबीएन में उद्योगपति और उद्योग कर्मी सरकार व प्रशासन की तमाम हिदायतों की धज्जियां उड़ाने पर उतारू हैं। ऐसा ही एक मामला नालागढ़ में सामने आया है, जहां नामी दवा कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट समेत तीन अन्य इंटर स्टेट पास का दुरुपयोग करते पकड़े गए। इंटर स्टेट पास से मात्र एक बार ही अपडाउन की अनुमति थी, लेकिन ये लोग बार-बार पंजाब के सबसे ज्यादा कोराना संक्रमित इलाके मोहाली से अपडाउन कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत इस मामले में कार्रवाई करते हुए वाइस प्रेजिडेंट समेत तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और इन तीनों को क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया है। लॉकडाउन के बीच इंटरस्टेट पास का दुरुपयोग करते हुए फार्मा कंपनी के तीन लोग मोहाली से प्रदेश में प्रवेश कर गए। पुलिस को जब इसकी भनक लगी, तो तीनों पर एफआईआर दर्ज की गई। सैणीमाजरा स्थित थियोन कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट मिथलेश एम जाट अपने दो अन्य साथियों के साथ अपनी निजी गाड़ी (जेके-21डी-6549) में ड्राइवर रमन प्रीत सिंह व तेज राम शर्मा के साथ मोहाली से दभोटा बैरियर से कंपनी पहुंचे थे। दभोटा बैरियर पर इन्होंने पुलिस से इंटरस्टेट पास का दुरुपयोग करके प्रवेश करने में सफलता पाई। यह पास सिर्फ एक बार आवाजाही के लिए मान्य था, लेकिन उन्होंने मोहाली जिला से हिमाचल में प्रवेश कर लिया। ऐसा ही मामला सैणीमाजरा के नामी दवा कंपनी का सामने आया, यह कंपनी पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री के भतीजे की है।
एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान किसी भी प्रांत से हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करना पूर्णतयः प्रतिबंधित है। किसी को भी बिना वैध अनुमति के हिमाचल की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाता, परंतु कई लोग अंतरराज्जीय पास दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। ऐसी ही एक शिकायत थियोन फार्मास्युटिकल कंपनी के तीन लोगों के खिलाफ आई, जिनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। बरोटीवाला में फार्मा कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। फार्मा उद्योग में कार्यरत ठेकेदार अपने कामगारों को वेतन लेने के लिए बद्दी बुला रहा था। इस पर फार्मा उद्योग के एचआर मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।










