सहरसा। मकान पर रेड कर 7.15 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की है। चंदौर पूर्वी पंचायत के सखुआ गांव में पुलिस ने 2350 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया। छापामारी करने गयी पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोट आयी, जबकि पुलिस गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक दर्जन से अधिक लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।

यह है मामला

साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि सखुआ गांव में भारी मात्रा में कोडिनयुक्त कफ सिरप आया है। सूचना पर पुलिस ने नवीन यादव के घर छापामारी की। पुलिस के पहुंचते ही चार पहिया वाहन से तीन युवक भाग निकले, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने नवीन यादव के भूसा घर से 2350 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की।

कोरेक्स को पुलिस अपने वाहन में लोड कर रही थी, उसी वक्त अभियुक्तों के परिजन विरोध करने लगे। असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल व वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने बनारसी यादव और संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में नवीन यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। छापामारी टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, नरेंद्र सिंह, राघवेंद्र कुमार, संदीप कुमार के अलावा पुलिस बल शामिल रहे।