बाड़मेर। फर्जी डॉक्टर का क्लीनिक सीज कर दवाइयां जब्त करने का मामला प्रकाश में आया है। स्वास्थ्य विभाग ने गडरारोड बॉर्डर क्षेत्र के सामीर का पार में फर्जी क्लीनिक पर रेड की। जांच के बाद दवाइयों का जखीरा जब्त किया गया। वहीं, क्लीनिक को सीज कर दिया है।

यह है मामला

शिकायत मिलने पर सीएमएचओ डॉ. विष्णुराम विश्नोई व उनकी टीम सामीर का पार गांव पहुंची। धोरों में बसे गांव में क्लीनिक नजर नहीं आया। इस पर डिप्टी सीएमएचओ ने ग्रामीणों से पूछा कि नजदीक में दवा या डॉक्टर मिलेगा।
इस पर ग्रामीणों ने क्लीनिक का पता बताया और टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले ही भनक लगने पर फर्जी डॉक्टर अपने क्लीनिक को बंद कर भाग निकला।

टीम ने पुलिस की सहायता से क्लीनिक के अंदर रखी दवाइयों के जखीरे को सीज किया। सीएमएचओ ने बताया कि असरफ खान पिछले कुछ सालों से फर्जी डॉक्टर बन क्लीनिक संचालित कर रहा है। क्लीनिक पर कई दवाइयों का जखीरा मिला है। संबंधित भवन को दवाइयों एवं जांच उपकरणों सहित सीज कर दिया है।