बलिया (यूपी)। मेडिकल स्टोर को फार्मासिस्ट के बगैर संचालित करने पर सील किया है। जिले में दवा दुकानों की मनमानी पर औषधि विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर के पास संचालित माधव मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। यह कार्रवाई दुकान बिना प्रोपराइटर और फार्मासिस्ट के चलाए जाने के कारण की गई।
निरीक्षण के दौरान कई अन्य मेडिकल स्टोर्स की भी जांच की गई। इसमें मधु फार्मेसी सुखपुरा, एस.एस. मेडिकल एजेंसी, न्यू गौरी मेडिकल स्टोर रतसर और न्यू दीप मेडिसिन सेंटर गड़वार में कमियां पाई गईं। इन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संबंधित प्रतिष्ठानों को स्पष्टीकरण देने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के समय कार्यालय लिपिक पीयूष सिंह भी मौजूद रहे। कार्रवाई के बाद औषधि निरीक्षक ने बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के साथ बैठक की। इस बैठक में दवा व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई। कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों में हडक़ंप मच गया है।










