रामपुर (उप्र)। सिरप की अवैध बिक्री के मामले में दो दवा विक्रेता भाइयों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई है। दोनों पर लाखों रुपए की नशीली सिरप बिना बिल के बेचने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने उस्मान और दानिश नाम के दो सगे भाइयों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।

जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों ने करीब 42 लाख की कोडीन युक्त सिरप बिना बिल के बेची। यह सिरप नशे के रूप में दुरुपयोग की आशंका के कारण संवेदनशील श्रेणी में आती है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने गंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पता चला कि आरोपियों के पास दवा बिक्री का थोक लाइसेंस था। उन्होंने नियमों का गंभीर उल्लंघन किया।

विभाग के नोटिस के बावजूद दोनों आरोपी खरीद और बिक्री से संबंधित कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके। इससे उनके अवैध कारोबार की पुष्टि हुई। क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद 6 फरवरी को दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। जांच पूरी कर पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।