गयाजी (बिहार)। मगध फार्मा के प्रतिष्ठान और गोदाम का लाइसेंस रद्द हुआ है। जांच के दौरान यहां भारी अनियमितताएं मिली थी। जिला औषधि विभाग ने यहां जुलाई में छापेमारी की थी। इस मामले में विभाग ने प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर से स्पष्टीकरण मांगा था। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर दोनों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। अब विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।
दवा भंडारण से लेकर खरीद के दस्तावेज तक में गड़बड़ी
जिला औषधि नियंत्रक डॉ. सच्चिदानंद विक्रांत ने जानकारी दी है। बताया कि खैरात अहमद रोड स्थित मगध फार्मा में छापेमारी की गयी थी। इस दौरान दवा दुकान में कई अनियमितताएं मिली थीं। इनमें भ्रामक साइन बोर्ड लगाना, दवा खरीद की रसीद प्रस्तुत नहीं करना आदि शामिल था। प्रतिष्ठान में दवाओं का उचित रख-रखाव भी नहीं मिला था। अवैध रूप से दवाओं की खरीद-बिक्री की बात सामने आई थी। कार्रवाई के दौरान दवाएं जब्त कर ली गई थी।
गोदाम में भी हुई थी छापेमारी
मगध फार्मा के गोदाम में भी छापेमारी की गयी थी। यहां भी दवा प्रतिष्ठान जैसी अनियमितताएं पायी गयी थीं। इस मामले में मगध फार्मा के प्रोपराइटर बलवंत और अंकुर से स्पष्टीकरण मांगा था। उनके जवाब से विभाग संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद दवा प्रतिष्ठान और गोदाम के अलग-अलग लाइसेंस रद्द कर दिए गए। अब मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।





