देवरिया (उत्तर प्रदेश)। अवैध रूप से संचालित क्लिनिक सील को सील किया गया है। इसके संचालकों पर केस दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने न्यू कॉलोनी स्थित एक क्लिनिक को सील कर दिया। इसके संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने न्यू कॉलोनी में संचालित क्लिनिक का निरीक्षण किया। यह क्लिनिक पहले आविका क्लिनिक के नाम से जाना जाता था। इसे हाल ही में बदलकर तृषिका क्लिनिक कर दिया गया था। टीम ने मौके पर ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर और जनरल वार्ड का गहन निरीक्षण किया। वहां कर्मचारियों ने बताया कि क्लिनिक का नाम दो दिन पहले ही बदला गया था।
जांच के दौरान टीम को कई अनियमितताएं मिलीं। क्लिनिक के पैड पर फिजिशियन के रूप में डॉ. दयाशंकर राय का नाम दर्ज था। मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज या पंजीकरण प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेजों के अभाव और अवैध संचालन की पुष्टि होने पर क्लिनिक को सील कर दिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अवैध अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। छापेमारी के दौरान टीम में अरुण शाही और सूरज सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस कार्रवाई से अन्य अवैध क्लिनिक संचालकों में हडक़ंप मच गया है।










