पटना। सरकारी दवा की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया गया है। भागवत नगर स्थित जनता नगर में औषधि नियंत्रण प्रशासन और पटना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। इसमें करीब 40 लाख रुपये की दवाएं और इंजेक्शन जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जयंत कुमार के रूप में हुई है। मुख्य आरोपित नीरज सहित कुंदन कुमार और मकान मालिक अजय फरार हैं। मौके से 38 कार्टून में रखी बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद हुईं।
जांच में सामने आया कि गिरोह सरकारी अस्पतालों से सस्ते दाम पर दवाएं खरीदकर गोदाम में जमा करता था। यहां दवाओं से सरकारी आपूर्ति का लेबल हटाकर उन पर निजी कंपनियों के रैपर चढ़ाए जाते थे। एक्सपायर हो चुकी दवाओं की तारीख बदलकर उन्हें बाजार में खपाया जा रहा था। तैयार दवाओं को विभिन्न दवा दुकानों तक सप्लाई किया जाता था। इस अवैध नेटवर्क में एक दर्जन से अधिक लोग शामिल बताए जा रहे हैं। अब इसकी जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बरामद दवाओं में कई गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं।










