शामली (उप्र)। अस्पताल में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। भर्ती से इनकार के आरोप के बीच एक गर्भवती की गेट के बाहर ही डिलीवरी हो गई। मौके पर मौजूद महिलाओं ने चादर डालकर खुले में प्रसव कराया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया।

यह है मामला

बागपत जिले के असारा गांव निवासी उस्मान की पत्नी कौशर को प्रसव पीड़ा हुई। वह पहले उसे कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया। वहां हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। आरोप है कि रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए भर्ती करने से इनकार कर दिया। जैसे ही वे अस्पताल गेट से बाहर निकले, महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई। तत्काल प्रसव की स्थिति बन गई। इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने चादर डालकर अस्पताल गेट के बाहर ही प्रसव कराया। इसमें महिला ने एक बेटे को जन्म दिया।

घटना का वीडियो वायरल होने पर मामला चर्चा में आ गया। हंगामे और लोगों के आक्रोश के बीच अस्पताल के चिकित्सक व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बाद में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोप है कि महिला कर्मचारी ने भर्ती करने के बदले एक हजार रुपये मांगे। इसे लेकर परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं किया गया। पूरे मामले की रिपोर्ट लखनऊ भेज दी गई है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।