सीतामढ़ी (बिहार)। नशीली दवा कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पांच आरोपी तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। परिहार में भारत-नेपाल सीमा से सटे मच्छपकौनी गांव में नशीली दवाएं पकड़ी गई।

एसएसबी 51वीं बटालियन, एसटीएफ और बेला थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं जब्त कीं। साथ ही पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 26,372 टैबलेट व कैप्सूल और 967 बोतल कफ सिरप बरामद किए। मौके से दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, 13,350 नेपाली रुपये और 250 भारतीय रुपये भी जब्त किए।

छापेमारी के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिलीप, उनकी पत्नी मिशा भारती और पुत्र आशीष शामिल हैं। नेपाल के महोत्तरी जिले के सरोज कुमार यादव और प्रवेश कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी अपने घर से ही नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे। जब्त किए सामान को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।