मोहाली। मैक्स अस्पताल की सर्जरी फेल होने का मामला प्रकाश में आया है। 74 वर्षीय बुजुर्ग के इलाज में कथित लापरवाही हुई। जिला उपभोक्ता आयोग ने मैक्स अस्पताल और सर्जन को जिम्मेदार ठहराया है।

आयोग ने पाया कि जरूरी जांच किए बिना ऑपरेशन किया गया। इसके बाद मरीज की हालत और बिगड़ती चली गई। तीन बार भर्ती और दोबारा सर्जरी के बावजूद राहत नहीं मिली। इस पूरे घटनाक्रम को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार माना गया। आयोग ने अस्पताल को आर्थिक भरपाई और मुआवजा देने का आदेश दिया है।

यह है मामला

सेक्टर-40ए चंडीगढ़ निवासी कृष्णा रानी ने शिकायत दी है। उनके पति को कमर दर्द और नस दबने की समस्या के इलाज के लिए मोहाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया था। 21 मार्च को सर्जरी की गई, लेकिन हालत खराब हो गई। डिस्चार्ज के अगले ही दिन फिर भर्ती करना पड़ा। इसके बाद तीसरी बार भी आपरेशन करना पड़ा। पहले डाले गए स्क्रू ढीले और गलत स्थिति में पाए गए। अस्पताल ने ऑपरेशन से पहले हड्डियों की मजबूती जांचने के लिए जरूरी टेस्ट नहीं किए। रिकार्ड में पाया कि एक साल पुरानी रिपोर्ट के आधार पर सर्जरी कर दी गई। जबकि ताजा जांच जरूरी थी।