रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। प्रतिबंधित नशीली दवा के साथ होटल में युवक को अरेस्ट किया है। आरोपी भारत-नेपाल सीमा से सटे एक होटल में ठहरा हुआ था। अचानक हुई छापेमारी ने इलाके में हडक़ंप मचा दिया। तलाशी के दौरान रक्सौल के युवक से प्रतिबंधित नशीली दवा बरामद हुई है।
सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले के वीरगंज में पुलिस ने आवासीय होटल में छापेमारी की। बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवा के साथ एक भारतीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रक्सौल के भेलाही निवासी 20 वर्षीय सागर पटेल के रूप में हुई है।
पुलिस को समर होटल एंड लॉज में नशीली दवाओं की तस्करी होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान होटल के कमरे में ठहरे सागर कुमार पटेल के पास से ट्रामाडोल टैबलेट की 30 हजार गोलियां मिली। नशीली दवा के साथ गिरफ्तार युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध दवा की खेप कहां से लाई गई थी।










