अमरोहा । अवैध रूप से संचालित दो क्लीनिक सील किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पौरारा की मढैया में दो अवैध क्लीनिक सील कर दिए। मौके से बरामद दवा भी जब्त कर ली हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के झोलाछापों में हडक़ंप मचा रहा। कार्रवाई रहरा सीएचसी अधीक्षक डॉ.शशांक चौधरी के नेतृत्व में हुई।

यह है मामला

सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग बिना डिग्री के मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इस पर टीम ने औचक छापामारी की। टीम ने पाया कि दो क्लीनिक बिना पंजीकरण संचालित थे। वहां दवा दे रहे व्यक्तियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। न ही चिकित्सकीय मानकों का पालन किया जा रहा था।

क्लीनिकों में मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था। प्राथमिक उपचार की आड़ में बीमारियों का इलाज किया जा रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद दवा जब्त कर ली। दोनों क्लीनिकों को सील कर संबंधितों को नोटिस थमाए हैं। तीन दिन में दस्तावेज न दिखा पाने पर पुलिस केस करवाया जाएगा।