झुंझुनूं (राजस्थान)। एंटीबायोटिक, स्टेरॉयड समेत कई दवाओं के सैंपल फेल मिले हैं। फेल मिली 7 दवाओं के वितरण पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है। मरीजों को दी जाने वाली सात दवाएं अमानक मिली हैं। इनमें एंटीबायोटिक के साथ खांसी व जुकाम में काम आने वाली दवाएं भी शामिल हैं। औषधि नियंत्रण आयुक्त ने इन सात दवाओं के उपयोग पर रोक लगाई है। इनके स्टॉक हटाने के निर्देश जारी किए हैं।

यह है मामला

औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने विभिन्न दवाओं के सैंपल लिए थे। जांच में सात तरह की दवाएं लैब परीक्षण में अमानक मिली। इसके बाद संबंधित दवाओं के बैच स्टॉक को तुरंत हटाने के निर्देश जारी किए। एंटीबायोटिक, खांसी की दवाएं, स्टेरॉयड और एंटी-एलर्जी दवाओं के सैंपल अमानक मिले। जांच में सेफिक्साइम ओरल सस्पेंशन लोरैक्सिम, एल्बेंडाजोल टैबलेट, इस्टोकफ एलएस ड्रॉप्स, मिथाइलप्रेडनिसोलोन टैबलेट, ओकेफडीएक्स सिरप, सेफ्यूरोक्सिम टैबलेट आईपी व सिप्रोफ्लोक्सासिन टैबलेट का बैच फेल मिला। इन दवाओं के बैच में सक्रिय तत्व की मात्रा व घुलने का स्तर मानक से कम था।

रिपोर्ट आने के बाद इन दवाओं के अमानक बैच को हटाने को कहा है। इन दवाओं का उपयोग व बिक्री तुरंत रोकने के निर्देश दिए हैं। सेफिक्साइम ओरल सस्पेंशन लोरैक्सिम एक एंटीबायोटिक दवा है। यह मरीज के गले, फेफड़े, टाइफाइड और यूरीन इंफेक्शन में बैक्टीरियल संक्रमण को दूर करती है। जांच में इस दवा में सेफिक्साइम मानक के अनुरूप नहीं मिला। इस पर रोक लगाई है। इसी तरह एल्बेंडाजोल टैबलेट पेट में वर्म इंफेक्शन को खत्म करने के लिए इस्तेमाल होती है। दवा घुलन प्रक्रिया में असफल रही। इस पर प्रतिबंध लगाया गया है।