हाथरस। एक्सपायरी दवा मिलने पर दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। कस्बा सिकंदराराऊ के पंथ चौराह स्थित एक मेडिकल स्टोर से एक्सपायरी दवाओं की बिक्री की शिकायत मिली थी। प्रशासन और ड्रग विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की।

इस दौरान मेडिकल स्टोर पर कई एक्सपायरी दवाएं मिली। वहीं दवाओं की बिक्री संबंधित बिल उपलब्ध नहीं हुए। इस पर मेडिकल स्टोर संचालक को दवाओं के बिल दिखाने के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही अग्रिम आदेश तक मेडिकल स्टोर से दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी है।

यह है मामला

कस्बा सिकंदराराऊ के पंथ चौराह स्थित विवेक मेडिकल स्टोर से एक्सपायरी दवाओं की बिक्री की शिकायत मिली थी। इस पर औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। अधिकारियों ने गहतना के साथ मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ एक्सपायरी दवाएं मिलीं। इसके अलावा मेडिकल स्टोर संचालक दुकान पर मौजूद नहीं थे।

दुकान पर मौजूद व्यक्ति से जब दवाओं की खरीद और बिक्री के बिल मांगे तो वह उपलब्ध नहीं करा सका। एक्सपायरी दवाएं रखने के लिए कोई अलग बॉक्स भी नहीं मिला। कई और अन्य कमियां पाई गई। इस पर मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अग्रिम आदेश तक मेडिकल स्टोर से होने वाली दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी है।