पटना (बिहार)। गोदाम पर रेड कर 1.25 करोड़ की प्रतिबंधित दवाएं और इंजेक्शन जब्त किए हैं। औषधि नियंत्रण विभाग ने कुम्हरार इलाके में यह कार्रवाई की। छापेमारी में करीब 1 करोड़ 25 लाख की कफ सिरप मिली। वहीं ब्रूफेन-मार्फीन इंजेक्शन के 96 हजार एम्पूल जब्त किए हैं।

हालांकि इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। चार औषधि निरीक्षकों की टीम ने कुम्हरार के रूपेशपुर मोहल्ले में स्थित ठिकाने पर छापा मारा। मामले में अगमकुआं थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जब्त दवाएं आमतौर पर चिकित्सकीय उपयोग के लिए होती हैं। इनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था। खासकर कोडीन युक्त कफ सिरप और मार्फीन आधारित इंजेक्शन युवाओं में प्रचलित हैं। ये जो गंभीर लत और स्वास्थ्य जोखिम पैदा करते हैं।

वहीं, बाईपास स्थित तेज प्रताप नगर में एक मकान पर छापेमारी कर नशे के इंजेक्शन, प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गई। मकान से करीब 175 पीस प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन भी बरामद हुए। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए। इससे किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मकान मालिक और किरायेदारों की पहचान की जा रही है।