मेरठ (यूपी)। एक्सपायर्ड दवा और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की रिपैकिंग रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। गोदाम पर छापा मारकर एक करोड़ रुपये का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपित भाइयों को गिरफ्तार किया है।
एक्सपायर्ड दवाइयों और ब्यूटी प्रोडक्ट्स को नए रैपर लगाकर बेचा जा रहा था। आरोपित दवा कंपनियों के डिपो से एक्सपायर्ड दवाएं खरीद लेते थे। उन्हें रीपैकिंग कर हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली के बाजार में बेच रहे थे।
पुलिस ने ड्रग्स विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया।
शाहनवाज का गोदाम सलीमुद्दीन ने किराये पर ले रखा है। सलीमुद्दीन के चार बेटे असलम, सद्दाम, अकरम और अशरफ ये धंधा करते थे। एक्सपायर्ड दवाइयां और ब्यूटी प्रोडक्ट्स कंपनियों के डिपो से लाकर गोदाम में रखते थे। यहीं पर स्कैनर और दूसरी मशीनों से नकली लेबल तैयार करते थे। दवा और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की रीपैकिंग की जाती थी। उसके बाद बाजार में बेच दिया जाता था। पिछले एक साल से गोदाम में यह धंधा चल रहा था।
गोदाम से करीब एक करोड़ कीमत की एक्सपायर्ड दवाइयां और ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए। मौके से रैपर बदलने और रीपैकिंग के उपकरण भी बरामद किए है। पुलिस ने आरोपित चारों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। ड्रग्स विभाग की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों का कहना था कि ट्रक में भरकर सामान आता था। उसके बाद यहां से ट्रकों में भरकर ही ले जाया जाता था। गोदाम में गांव के भी कुछ युवक काम करते है। एसपी देहात का कहना है कि इन युवकों से भी पूछताछ की जाएगी।










